डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। युवा कल्याण, शिक्षा एवं खेल विभाग के समन्वय से खेल महाकुंभ-2026 के तहत विधानसभा स्तर की विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का भव्य शुभारंभ को सुनारगांव, अठूरवाला स्थित राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। शुक्रवार को प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने ध्वजारोहण कर एवं हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। युवा खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने और अपने क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि खेल महाकुंभ के तहत कुल 394 बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को विभिन्न खेलों में प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इसके अंतर्गत एथलेटिक्स, ऊंची कूद, लंबी कूद, कबड्डी, खो-खो, चक्का फेंक, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल और पिट्टू सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सोनम गुप्ता, सभासद ईश्वर रोथान, सभासद प्रदीप नेगी, प्रधानाचार्य ज्योत्सना रावत, रविंद्र सिंह सैनी, अंकित काला, दीपेश आदि मौजूद रहे।











