डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून एयरपोर्ट में हिंदी पखवाड़ा-2026 के तहत शुक्रवार को हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, रुचि और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हिंदी प्रश्न मंच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी प्रश्न मंच का आयोजन शुभम वत्स ने किया, जबकि संचालन राजभाषा अधिकारी अजित कुमार ने किया। प्रतियोगिता में एएआई के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रश्न मंच में हिंदी भाषा, साहित्य, व्याकरण, सामान्य ज्ञान और राजभाषा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने उत्साह और सक्रियता के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे कार्यक्रम रोचक एवं ज्ञानवर्धक रहा। प्रतियोगिता में प्रबंधक (वित्त) नितिन वर्मा ने प्रथम, संयुक्त महाप्रबंधक नितिन कादियान ने द्वितीय, प्रबंधक (मानव संसाधन) शैलेंद्र जंगपांगी ने तृतीय तथा कनिष्ठ अभियंता (वित्त) सक्षम सिंघल ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। एयरपोर्ट निदेशक बी.एच. नेगी ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी राजभाषा होने के साथ देश की विविध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग से प्रशासनिक कार्यों को सरल, प्रभावी और जनसुलभ बनाने में सहायता मिलती है। हिंदी पखवाड़े के तहत देहरादून एयरपोर्ट पर हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के संकल्प के साथ हुआ।











