डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-20 अंबेडकर नगर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन्न सड़कों का लोकार्पण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी एवं स्थानीय सभासद रीना कोठारी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना और रिबन काटकर सड़कों का उद्घाटन किया। पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा वार्ड के विकास को नई गति प्राप्त होगी। सभासद रीना कोठारी ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने कहा कि वार्ड के समग्र विकास एवं जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्रवासियों का सहयोग और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है।











