डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला तहसील क्षेत्र के ग्राम कण्डोगल कुडियाल (थानों) स्थित एक मस्जिद एवं मदरसा भवन को सोमवार को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की टीम ने सील कर दिया। इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
एमडीडीए अधिकारियों के अनुसार जांच में पाया गया कि भवन में आवश्यक स्वीकृतियों एवं विभागीय अनुमतियों के अभाव में धार्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। प्राधिकरण का कहना है कि संबंधित पक्ष को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे तथा सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर भी प्रदान किए गए थे, लेकिन नियमानुसार आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।
अधिकारियों के अनुसार उत्तराखण्ड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम, 1973 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए भवन को सील किया गया है। एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृति संचालित गतिविधियों एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
गौरतलब है कि उक्त भवन के संबंध में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों द्वारा भी कई बार कार्रवाई की मांग की गई थी। उधर, हिंदूवादी नेता नरेश उनियाल ने कहा की देवभूमि की मर्यादा को बनाए रखने के लिए यहां किसी भी गैर-हिंदू धार्मिक निर्माण पर पूर्णतः रोक लगनी चाहिए, ताकि इस पवित्र क्षेत्र की मूल पहचान सुरक्षित रहे। उत्तराखंड सम्पूर्ण विश्व में शांति और देव संस्कृति के लिए जाना जाता है और यंहा के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का, सभ्यता का समाज का सरंक्षण होना बहुत जरुरी है।











