डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। रविवार को मौसम ने करवट बदली और क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। बताया जा रहा है कि विभिन्न शहरों से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचने वाली चार उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि आधा दर्जन उड़ानें देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, खराब मौसम के कारण जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने वाली दिल्ली, मुंबई और जयपुर की उड़ानों को लैंडिंग की अनुमति नहीं मिलने के कारण दिल्ली, अमृतसर और लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। रविवार को एयर इंडिया की दिल्ली को सुबह 10:20 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरना था। हालांकि, खराब मौसम के कारण विमान ने आसमान में कई चक्कर लगाए, जिसके बाद उसे वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, इंडिगो की मुंबई से आने वाली उड़ान को सुबह 11 बजे और जयपुर की उड़ान को सुबह 11:25 बजे एयरपोर्ट पर उतरना था। दोनों उड़ानों को भी खराब मौसम के चलते काफी देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद अमृतसर डायवर्ट कर दिया गया। इसी तरह एयर इंडिया की मुंबई-देहरादून उड़ान को दोपहर 2:20 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण उसे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा कई उड़ानें भी निर्धारित समय से देरी से एयरपोर्ट पहुंचीं। एयर इंडिया की एक उड़ान दोपहर एक बजे के स्थान पर 03 बजे, इंडिगो की अमृतसर-देहरादून उड़ान 1:10 बजे के बजाय 2:10 बजे, इंडिगो दिल्ली शाम चार बजे के बजाय 4:47 बजे और एयर इंडिया दिल्ली की फ्लाइट शाम 4:35 बजे के बजाय 5:26 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरी। इसके अलावा कोलकाता, अमृतसर और दिल्ली से आने वाली अन्य उड़ानें भी देरी से पहुंचीं।











