हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/देवाल/रामणी।
बधाण की श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी की यात्रा लोकजात यात्रा के तहत अपने 9 वें पड़ाव इच्छोली पहुंच गई हैं। जबकि दशोली एवं बण्ड़ परगना की डोलियां एवं छंतोलियों श्री नंदादेवी बड़ीजात यात्रा के तहत नंदानगर-घाट के रामणी गांव में शनिवार को भावपूर्ण मिलन के बाद रविवार को डोलियां एवं छतोलियां अपने 9 वें पड़ाव आला गांव पहुंच गई हैं।
रविवार को प्रातः करीब 11 बजें बधाण की नंदादेवी की यात्रा धरातल्ला गांव से धरामल्ला गांव दोपहर के भोजन के लिए पहुंची। इसी दौरान दोनों ही गांव में धरा के अलावा आसपास के गांवों के देवी भक्तों ने देव डोली की पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगी। तल्ला धार में देवी की विशेष पूजा के तहत सोलपाती का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर अनकपाल सिंह, गोपाल सिंह, देवेंद्र सिंह लखन रावत, रघुवीर बिष्ट, मोहन सिंह,प्रेम सिंह,बबलू बिष्ट आदि ने यात्रा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद यात्रा पूर्णा गांव पहुंची यहां पर भी देवी भक्तों ने उत्साह पूर्वक देवी की अराधना की। पूर्णा से देव यात्रा देवाल बाजार पहुंची यहां पर मुख्य स्टेशन में डोली बिराजमान रही यहां पर पुष्प वर्षा के साथ ही अक्षत के रूप में भक्तों ने जौ एवं चावल देव डोली पर चढ़ाए। यहां पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने डोली की पूजा-अर्चना की।इस दौरान देवाल के प्रमुख तेजपाल रावत, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, पुष्कर कोटेड़ी, पुष्कर बिष्ट, विनायक मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष केडी मिश्रा आदि ने स्वागत किया। देर सांय यात्रा अपने 9 वें पड़ाव इच्छोली पहुंची यहां पर भी यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सोमवार को यात्रा इच्छोली से कैल, हाट कल्याणी होते हुए रात्रि प्रवास पर फल्दियागांव गांव 10 वें पड़ाव पर पहुंचेगी।
*परगना दशोली एवं बण्ड़* की डोलियों एवं तमाम क्षेत्रों से चल रही छतौलियों का रामणी गांव में भावपूर्ण मिलन हुआ,इस मिलन को देख कर मौजूद देवी भक्तों की आंखें भी नम हो गई।इस दौरान देवी के पश्वा के अलावा कई महिलाओं एवं पुरुषों पर भी देवी अवतारित हुईं जोकि काफी देर तक नाचते रहें जिससे पूरा वातावरण नंदामय हो उठा। भव्य देवी पूजन के बाद रविवार को सभी डोलियां,छतौलियां कासमातोली,घूनी,पड़ेरगांव,बूरा होते हुए रात्रि प्रवास पर आला गांव पहुंची। जहां पर यात्रा का आला गांव सहित आसपास के गांवों के नंदा भक्तों ने भव्य रूप से स्वागत करते हुए देवियों की पूजा अर्चना की।इस दौरान पूरी रात देव पूजन चलता रहा।मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, नंदानगर के जेष्ठ प्रमुख हीरा सिंह बिष्ट, बड़ी जात समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत,सजेंद्र कठैत, संदीप पवांर,लक्ष्मण नेगी, विनोद फर्स्वाण आदि यात्रा के साथ चलते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं जुटाने में लगी हुई हैं। जबकि नंदा पुजारी मुंशी चंद्र गौड़, दिनेश गौड़, प्रकाश गौड़, उमेश गौड़,नवीन गौड़,प्रवीण गौड़, अशोक गौड़, आदि यात्रा मार्ग पर देवी भक्तों की पूजाएं सम्पन्न करवा रहें हैं। सोमवार को यात्रा आला,जोखना,सितेल होते हुए 10 वें पड़ाव कनोल गांव पहुंचेगी।इस यात्रा में लगातार नंदा भक्तों का हुजूम बढ़ता जा रहा है।











