कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
कोटद्वार। श्री बालाजी मंदिर में 23वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। पुरुषोत्तम मास की पावन बेला में विश्व शांति, जनकल्याण एवं सुख- समृद्धि की कामना के साथ विशेष पूजा- अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन आरंभ हुआ।
मंदिर परिसर में आचार्य ईशमोहन बहुगुणा के सानिध्य में पांच विद्वान पुजारियों भाष्करानंद बहुगुणा, सुनील काला, प्रदीप जखमोला, विनोद खन्तवाल, चण्डीप्रसाद पन्त द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-पाठ किया गया। आज के मुख्य यजमान श्री हरि कृष्ण कंसल द्वारा पूजन कराया गया।
श्री बालाजी मंदिर के संस्थापक दिनेश ऐलावादी ने बताया कि यह आयोजन विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आगामी 9 जून 2026 को सायं 5 बजे से श्री बाला जी रथयात्रा टाटा कॉमर्शियल से शुरू होगी। 10 जून को सायं 6 बजे व भजनसंध्या रात्रि 9 बजे से, तथा 11जून 2026 को पूर्ण आहुति 8 बजे एवं भंडारा 12 बजे आरम्भ होगा।
कहा इन दिनों श्रीबाला जी मंदिर लोअर कालाबड़ में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रबंधक आचार्य जानकी प्रसाद द्विवेदी, पंडित मुकेश बालोदी, पंडित रमेश कपरवान, पंडित दिव्यांशु जखमोला, पंडित सुबोध शर्मा, मीडिया प्रचारक अमन अग्रवाल, बालाजी मंदिर समिति कोटद्वार, सहित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बालाजी महाराज से सभी के सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की।











