डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट में सिंचाई नहर के ऊपर पुलिया निर्माण को लेकर उठी आपत्ति के बीच निर्माण कराने वाले पक्ष ने जल योजना कमेटी से अनुमति लिए जाने की बात कही है। निर्माणकर्ता खेमचंद ने बताया कि पुलिया का निर्माण आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जल योजना कमेटी से अनुमति ली गई थी। उनके अनुसार, पुलिया निर्माण से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और नहर में पानी के प्रवाह में भी किसी तरह की बाधा नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर किया जा रहा है। वहीं, जल योजना कमेटी के अध्यक्ष दयाराम पाल ने बताया कि पुलिया निर्माण के लिए कमेटी की ओर से अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न हो।











