डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला विकासखंड में संचालित समस्त निजी विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों की समीक्षा बैठक बुधवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज दूधली में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
जिसमें सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक का संचालन दो सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र में समस्त निजी विद्यालयों तथा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की समीक्षा बैठक हुई तथा द्वितीय सत्र में समस्त राजकीय विद्यालयों की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी ने निजी विद्यालयों से जुड़े 17 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की। इनमें यू-डाइस प्रोग्रेशन, आरटीई, मान्यता नवीनीकरण, निर्धारित शुल्क संरचना, बैग भार नीति, अग्निशमन व्यवस्था, भवन सुरक्षा, शिक्षकों की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता, स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल रहीं।
वहीं, राजकीय विद्यालयों के संबंध में 24 बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। इनमें मासिक एवं गृह परीक्षाएं, बोर्ड परीक्षा की तैयारियां, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं नोटबुक का वितरण, विद्यालय भवनों की स्थिति, निष्प्रयोज्य भवनों का ध्वस्तीकरण, पेयजल, शौचालय, विद्युतीकरण, अपार आईडी, यू-डाइस, विद्या समीक्षा केंद्र, मध्याह्न भोजन योजना, छात्रवृत्तियां, स्काउट-गाइड, रेड क्रॉस, इको क्लब तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषय शामिल रहे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल ने विभिन्न शासनादेशों की जानकारी देते हुए सभी विद्यालयों को प्रचलित नियमों एवं अधिनियमों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के संचालन पर विशेष बल दिया।
बैठक के दौरान प्रधानाचार्यों ने विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अधिकारियों को अवगत कराया। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके नियमानुसार शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) प्रेम लाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला शिवानी कौशल आदि मौजूद रहे।











