डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के मियांवाला स्थित एक होम स्टे में सोमवार को 40 वर्षीय विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली, जबकि उसके साथ मौजूद एक युवक बेसुध अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी प्रमेंद्र नेगी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मृतका के पति ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी का प्रमेंद्र नेगी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। उनका कहना है कि इसी संबंध को लेकर तीन दिन पहले प्रमेंद्र की पत्नी उनके घर पहुंची थी और हंगामा भी किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, प्रमेंद्र ने 13 जुलाई को सुनियोजित साजिश के तहत उसकी पत्नी को मियांवाला फ्लाईओवर स्थित एक होम स्टे में बुलाया, जहां कथित रूप से उसे जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। उसने स्वयं भी कोई जहरीला पदार्थ सेवन किया था या नहीं, इसका खुलासा चिकित्सकीय रिपोर्ट और पुलिस पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।











