डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला ब्लॉक की ग्राम पंचायत माजरी ग्रांट में उपप्रधान पद पर गुरजीत कौर निर्विरोध निर्वाचित हुईं। उनके निर्विरोध चुने जाने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। बुधवार को डोईवाला ब्लॉक की 38 ग्राम पंचायतों में उपप्रधान पद के चुनाव संपन्न हुए।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत माजरी ग्रांट में उपप्रधान पद के लिए वार्ड सदस्यों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद गुरजीत कौर के नाम पर सर्वसम्मति बनी। बताया गया कि पंचायत के सभी 15 वार्ड सदस्यों ने उनका समर्थन किया। इसके बाद गुरजीत कौर ने नामांकन पत्र दाखिल कर सभी आवश्यक चुनावी औपचारिकताएं पूरी कीं।
उनके विरुद्ध किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल नहीं किए जाने पर चुनाव अधिकारी कमलेश कुकरेती ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए विजय प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उधर, गुरजीत कौर के निर्विरोध उपप्रधान चुने जाने पर पंचायत भवन के बाहर समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
नवनिर्वाचित उपप्रधान गुरजीत कौर ने कहा कि ग्राम पंचायत के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी ग्रामीणों को साथ लेकर पारदर्शी, जनहितकारी और विकासोन्मुख कार्यों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान निशा देवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ताजेंद्र सिंह (ताज), समाजसेवी मंगल सिंह, मनोज पाल, रश्मि देवी, अजीत सिंह (प्रिंस), जसविंदर कौर, सभी वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।











