डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। कांग्रेस नगर अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ता डोईवाला तहसील मुख्यालय पहुंचे और धरना–प्रदर्शन किया। इसके बाद उपजिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को पांच सूत्रीय ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, कथित बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने, परीक्षा-पत्र लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि युवाओं की जायज़ मांगों पर विचार करने के बजाय प्रदर्शनकारियों पर कथित बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। छात्रों की आवाज़ उठाने वाले विपक्षी नेताओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह बेहद निंदनीय है और लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
कांग्रेस नेता मनोज नौटियाल और पूर्व जिला अध्यक्ष अश्वनी बहुगुणा ने कहा कि जंतर-मंतर की घटना के विरोध में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च निकालकर केंद्र सरकार के समक्ष विरोध दर्ज कराया गया। उन्होंने राहुल गांधी एवं अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे अलोकतांत्रिक बताया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोकतंत्र की रक्षा, छात्रों के हितों की सुरक्षा तथा युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान सेवादल जिला अध्यक्ष सुनील वर्मन, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, यूकां प्रदेश महासचिव आरिफ अली, रेखा कांडपाल, बालू सजवान, प्रवीण सैनी, मोहित कपरवान, भारत भूषण, दीपक कुमार, विनोद सिंह, गौरव बिष्ट, शाकिर अली, मंजू राजपूत, चंद्रप्रकाश, आशीष, जावेद आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।











