डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड, नई दिल्ली द्वारा सीएसआर योजना के तहत प्रायोजित आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय पेट्रोकेरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), डोईवाला में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण सामग्री एवं प्रशिक्षण किट का वितरण किया गया। प्रशिक्षण किट में यूनिफॉर्म, बैग सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी।
मुख्य अतिथि विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने जीवन में अनुशासन के महत्व पर बल देते हुए कठिन परिस्थितियों में चुनौतियों का सामना करने के लिए स्वयं को सदैव तैयार रखने का संदेश दिया।
सिपेट के निदेशक डॉ. पीसी पाढ़ी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करेगा, जिससे प्रशिक्षण के उपरांत सिपेट के माध्यम से मिलने वाले रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने में उन्हें सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
विभाग प्रमुख पंकज फुलारा ने बताया कि सिपेट एवं पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड, नई दिल्ली के संयुक्त प्रयासों से संचालित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अल्पशिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी प्रशिक्षण से अपने व्यक्तित्व और कौशल में आए सकारात्मक बदलावों को साझा किया। इस अवसर पर शैलेश कुमार, राहुल तड़ियाल, नवजीत कौर, जे.पी. शर्मा, तरुण आदि उपस्थित रहे।











