डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सामाजिक संस्था ‘एक मदद ब्लड ग्रुप समिति’ ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक साकिर हुसैन, मोहम्मद आसिफ और शहबाज अली ने हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट पहुंचकर रक्तदान किया और तीन गंभीर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ईद पर्व के दौरान किए गए इस नेक कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती तीन मरीजों को रक्त की अत्यंत आवश्यकता थी, जिससे उनके परिजन काफी चिंतित थे। सूचना मिलने पर समिति के तीनों रक्तवीर तुरंत अस्पताल पहुंचे और निस्वार्थ भाव से रक्तदान किया। उनका यह कार्य न केवल मानवता की मिसाल है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायक भी है। समिति के कोषाध्यक्ष अधिवक्ता शादाब हसन ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में समिति से जुड़ने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रक्तदान से घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि इस मुहिम का हिस्सा बनकर इसे आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है।











