डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर के वार्ड संख्या 20 आंबेडकर नगर में लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या को लेकर सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने जल संस्थान डोईवाला के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। कई स्थानों पर समय पर पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बहुत कम मात्रा में पानी मिल रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सभासद प्रतिनिधि प्रकाश कोठारी ने जल संस्थान से मांग की कि पेयजल आपूर्ति को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उधर, जल संस्थान के सहायक अभियंता ने शीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।











