डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट के वार्ड संख्या 07 शेरगढ़ में गुलदार की आमद और लगातार बढ़ रही गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि गत रात्रि गुलदार ने सुखविंदर सिंह के मवेशियों पर हमला कर दिया। इससे पूर्व भी गुलदार उनके कुत्ते को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां सामने आने से लोगों में भय बना हुआ है। ग्राम प्रधान निशा देवी, उपप्रधान गुरजीत कौर समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों और उनके पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों के मुताबिक, क्षेत्र में सोलर फेंसिंग लगाए जाने की मांग पहले भी वन विभाग से की जा चुकी है। उन्होंने वन विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में जल्द सोलर फेंसिंग लगाने तथा गुलदार से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षा के ठोस इंतजाम होने से ग्रामीण अपने परिवार और पशुधन को लेकर सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।











