डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला विधानसभा के बूथ संख्या 107 जौलीग्रांट में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अमर वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जनभागीदारी, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर विशेष बल दिया। भाजपा ऋषिकेश मंडल प्रभारी संपूर्ण रावत ने कहा कि मन की बात आज देश के जन-जन की आवाज बन चुका है। यह केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी देश के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों और अनदेखे नायकों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं, जिनके सेवा, नवाचार और समर्पण के कार्य समाज में नई चेतना का संचार करते हैं। प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश हमें यह प्रेरणा देता है कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे, तो विकसित भारत का लक्ष्य निश्चित रूप से प्राप्त किया जा सकता है। सभासद राजेश भट्ट ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, सुशासन, संगठन और राष्ट्रवाद के मूल मंत्र को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच कार्य कर रहा है तथा प्रधानमंत्री के प्रेरक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत है। इस अवसर पर रोशन लाल कोठियाल, शिवम भट्ट, जब्बर सिंह नेगी, संजय जोशी, अरमान भट्ट आदि उपस्थित रहे।











