डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट के हिमालय चौक स्थित मोबाइल शॉप में हुई चोरी का डोईवाला पुलिस ने दो दिन में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 की-पैड मोबाइल और पांच स्मार्टफोन बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त वर्ना कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मिस्सरवाला निवासी गौरव राठौर की ग्लोबल मोबाइल स्टोर में 10 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। मामले में 16 सितंबर को कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि सौंग नदी पुल के पास हरिद्वार-भानियावाला मार्ग पर चेकिंग के दौरान वर्ना कार को रोककर तलाशी ली गई। कार सवार शैफुल रहमान (22), फरीद (19) और इजहार (19), निवासी खेलपुर नसरूलापुर, भगवानपुर, हरिद्वार, हाल निवासी मोहब्बेवाला, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत और महंगे शौक के लिए चोरी करने की बात बताई। आरोपियों ने सुनसान क्षेत्र देखकर मोबाइल दुकान को निशाना बनाया था। पुलिस के अनुसार, वाहन की पहचान छिपाने के लिए कार की आगे-पीछे की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में इजहार के खिलाफ भगवानपुर और गंगनहर कोतवाली में चोरी के पूर्व के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।











