डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला परिसर में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्रों को कॉलेज ग्राउंड में करीब 6 से 8 फीट लंबा सांप रेंगता हुआ दिखाई दिया। सांप को देखते ही छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। कई छात्रों ने उसका वीडियो भी बनाया। बताया गया कि कॉलेज के समीप सौंग नदी तट से लगे वन क्षेत्र की ओर से सांप कॉलेज ग्राउंड में पहुंचा था। सूचना मिलने पर समाजसेवी एवं सर्प मित्र भारत भूषण कौशल ‘पेल्ले’ मौके पर पहुंचे और सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसके साथ छेड़छाड़ न करें और इसकी सूचना वन विभाग या सर्प मित्र को दें। वहीं, कॉलेज परिसर में सांप पहुंचने की घटना को छात्र-छात्राएं सुरक्षा से जुड़ा विषय भी मान रहे हैं। उनका कहना है कि परिसर के आसपास वन क्षेत्र और सौंग नदी का क्षेत्र होने के कारण ऐसी घटनाओं को लेकर सतर्कता जरूरी है।











