
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): प्रसिद्ध समाजसेवी स्व. मांगेराम अग्रवाल की 23वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। शनिवार को ऋषिकेश रोड स्थित बालाजी फार्म में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पौधारोपण के साथ हुआ, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद स्व. मांगेराम अग्रवाल वाटिका में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम स्थल पर दीप प्रज्वलन के उपरांत स्व. अग्रवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित जनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने स्व. मांगेराम अग्रवाल को कर्मयोगी बताते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाजसेवा के मार्ग को अपनाने का आह्वान किया। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय सह-प्रचार प्रमुख तपन ने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए समाज से इन आदर्शों को अपनाने का आग्रह किया। चिदानंद महाराज ने अपने संबोधन में आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में भटक रही युवा पीढ़ी को स्व. मांगेराम अग्रवाल के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने स्व. मांगेराम अग्रवाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाजसेवा का सच्चा प्रतीक बताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व राज्यमंत्री करन बोरा, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, चंद्रभान पाल, महेश गुप्ता, राजकुमार राज, विक्रम नेगी, राजबीर रावत, सुमित पंवार, चमन पोखरियाल, मनोज ध्यानी, अखिलेश मित्तल, संजीव पाल आदि उपस्थित रहे।











