डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कुड़कावाला बस्ती की सुरक्षा के लिए सुसवा नदी पर लगभग 04.97 करोड़ की लागत से बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सोमवार को डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि पिछले मानसून में सुसवा नदी में आए उफान से हुए भू-कटाव और आबादी क्षेत्र पर मंडराए खतरे को देखते हुए स्थानीय विधायक की संस्तुति पर सिंचाई विभाग द्वारा कुड़कावाला बस्ती के किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा दीवार के निर्माण से सुसवा नदी में बाढ़ आने की स्थिति में बड़ी आबादी को सुरक्षा और राहत मिलेगी। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता वाईपी देवराड़ी ने बताया कि लगभग 04 करोड़ 97 लाख की लागत से यह निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नदी के बाईं ओर 470 मीटर तथा दाईं ओर 275 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पांच माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर स्थानीय सभासद रियासत अली, सुंदर लोधी, पंकज शर्मा, अनीता गुरुंग, किसान सिंह नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।











