डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समर फेस्ट कार्निवल के अंतर्गत लच्छीवाला वन रेंज, रॉबस्ट वर्ल्ड ऑर्गेनाइजेशन तथा तुला इंस्टीट्यूट की एनएसएस इकाई द्वारा स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। शुक्रवार को नेशनल हाईवे के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान आमजन को जागरूक करते हुए बताया गया कि आरक्षित वन क्षेत्रों में कचरा फेंकना दंडनीय अपराध है और दोषी पाए जाने पर वन अधिनियमों के तहत भारी जुर्माना एवं अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। लच्छीवाला वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर राजमार्ग के किनारे स्थित आरक्षित वन क्षेत्रों में कूड़ा-करकट फेंक रहे हैं। इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है, बल्कि वन क्षेत्र की स्वच्छता और प्राकृतिक सौंदर्य भी प्रभावित हो रहा है। साथ ही इसका जंगली जानवरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ लोग अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। वहीं, डॉ शुभ विश्नोई ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रकृति से सीखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम अत्यंत प्रेरणादायक हैं।











