डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सिंगल यूज़ प्लास्टिक की रोकथाम के लिए नगर पालिका प्रशासन द्वारा जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। शहरी विकास निदेशालय के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को नगर पालिका परिषद, डोईवाला ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान संचालित किया। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि हिमालय रक्षक फाउंडेशन एवं स्वच्छता वाहिनियों के सहयोग से क्षेत्र के दुकानदारों को पुराने कपड़ों से तैयार किए गए थैले व बैग दिखाए गए तथा उन्हें प्लास्टिक का उपयोग पूर्ण रूप से बंद करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई। इस दौरान रिंकल गुसाईं, विनीता नेगी, पूनम तोमर, नीरज, गौरव, महिमा आदि उपस्थित रहे।











