डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्च के दौरान हुए लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई, घायल छात्रों को आर्थिक सहायता, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। एसएफआई की जिला कमेटी के कार्यकर्ताओं ने डोईवाला नगर चौक से तहसील तक मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद डोईवाला एसडीएम के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा एनटीए को भंग करने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि एनटीए को भंग करने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। जिला सचिव अयाज़ खान ने कहा कि परीक्षा घोटालों और सरकार की नीतियों के कारण छात्रों की मौतें संस्थागत हत्याएं हैं और इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। इधर, दोपहर को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की सूचना मिलने पर कार्यकर्ताओं ने इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह देशभर के छात्रों के संघर्ष और उनकी एकजुटता की महत्वपूर्ण जीत है। इस अवसर पर समीर, सुहाना, फाजिया, हिमांशु, अशफ़ाक, अफसाना, फ़रिया, सिमरन, तुफैल, जसप्रीत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।











