
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून एयरपोर्ट पर ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का शुभारंभ सेवा, समर्पण एवं यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ किया गया। बताया जा रहा है कि इस 24 दिवसीय अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सहज, सुविधाजनक एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना तथा सेवा भावना को और सुदृढ़ करना है।
बृहस्पतिवार को अभियान का शुभारंभ एयरपोर्ट निदेशक बी सीएच नेगी द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा यात्रियों को बेहतर, सहज, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से यात्री सेवा अभियान–2026 का आयोजन 17 सितम्बर से 10 अक्टूबर तक किया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं एवं सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना तथा ‘मुस्कान के साथ सेवा’ की भावना को व्यवहार में स्थापित करना है। अभियान के दौरान यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, सूचना प्रणाली, चिकित्सा एवं आपातकालीन तैयारियों तथा कर्मचारियों के व्यवहार जैसे विभिन्न पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शुभारंभ अवसर पर वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। इस अवसर ने राष्ट्रभावना, एकता एवं सामूहिक सेवा-संकल्प को अभिव्यक्त किया। यात्रियों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए यात्री सहायता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से यात्रियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित पारंपरिक लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई। यात्रियों ने उत्साहपूर्वक प्रस्तुति का आनंद लिया तथा तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
______________________
• प्रतिदिन अलग थीम पर एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं की होगी समीक्षा
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, आगामी 24 दिनों में ‘सेवा और संकल्प’ की भावना के साथ यात्री सुविधा, सेवा, सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन एक विशेष थीम के आधार पर एयरपोर्ट की सुविधाओं एवं सेवाओं, यात्रियों के आगमन एवं प्रस्थान को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए पार्किंग, टैक्सी एवं सार्वजनिक परिवहन, ड्रॉप-ऑफ एवं पिक-अप क्षेत्रों की समीक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।











