डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 11 केशवपुरी के लोगों को जल्द ही जर्जर और गड्ढों वाली सड़क से राहत मिलने जा रही है। मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला ने विधायक निधि से 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आंतरिक सड़क का विधिवत शिलान्यास किया।
विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित बनेगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनसमस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभासद अमित कुमार ने बताया कि इस सड़क के निर्माण से 200 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण प्रतिदिन लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाएगा तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा नेता विक्रम सिंह, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अनुसूचित मोर्चा मंडल अध्यक्ष गोपाल चंद, महामंत्री मनमोहन नौटियाल आदि उपस्थित रहे।











