
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला तहसील क्षेत्र के राजीवनगर स्थित भागीरथी पुरम में जमीन का रकबा बढ़ाने और प्लॉटिंग को आसान बनाने के उद्देश्य से पुरानी सिंचाई की सरकारी नहर को जेसीबी मशीन से तोड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी और आक्रोश है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह नहर वर्षों पहले सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई थी और राजीवनगर क्षेत्र से होकर गुजरती थी, जिससे किसान अपने खेतों की सिंचाई करते थे। आरोप है कि बीच में आ रही एक प्लॉटिंग के कारण बिना किसी विभागीय अनुमति के नहर को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नहर सार्वजनिक संपत्ति है और इसे क्षतिग्रस्त किए जाने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होगी। लोगों ने आरोप लगाया कि भूमाफियाओं ने अपने निजी स्वार्थ के लिए सरकारी नहर को तोड़ दिया, जो गंभीर मामला है। घटना के बाद लोगों ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण कर नहर को पूर्व स्थिति में बहाल कराएं तथा अवैध रूप से नहर तोड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। स्थानीय सभासद बबीता देवी ने कहा कि सरकारी सिंचाई नहर को तोड़ा जाना बिल्कुल अनुचित है। मामले की शिकायत उप जिलाधिकारी और संबंधित विभाग से की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि पुरानी सिंचाई की नहर को जेसीबी मशीन से तोड़े जाने का मामला संज्ञान में आया है, जो बेहद गंभीर है। इस संबंध में सिंचाई विभाग के अभियंता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।











